बलियरी में अवैध रेत परिवहन पर संयुक्त कार्रवाई, जेसीबी से रास्ता खोदकर रोका आवागमन
सिंगरौली। बैढ़न थाना क्षेत्र के ग्राम बलियरी में अवैध रेत परिवहन के मामले में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से संचालित ट्रैक्टरों के आवागमन पर रोक लगाते हुए प्रभावी कार्रवाई की।
संयुक्त टीम ने नदी तक जाने वाले कच्चे रास्तों पर जेसीबी से गड्ढे खुदवाकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया, ताकि अवैध रूप से रेत का परिवहन करने वाले वाहन नदी तक न पहुंच सकें। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बन गई है
खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने बताया कि अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जिले में कहीं भी अवैध रेत उत्खनन या परिवहन की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।ग्रामीणों ने संयुक्त कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध रेत परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगेगा।







