“जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद” के तहत विद्यार्थियों को पुलिस कार्यप्रणाली, साइबर सुरक्षा एवं यातायात नियमों की दी जानकारी
सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिर्रवाह में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 150 विद्यार्थियों ने लिया सहभागिता
सिंगरौली।।पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. के निर्देशन में जिले में विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद” अभियान के अंतर्गत आज सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिर्रवाह में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 150 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा में पुलिस की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनकर वे स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ समाज की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय
विद्यार्थियों को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी एवं निजी जानकारी साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल 1930 पर शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।
महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी जागरूक किया गया। किसी भी प्रकार के गलत व्यवहार, छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा असहज परिस्थिति में चुप न रहने तथा तत्काल परिजनों, शिक्षकों या पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। आपात स्थिति में डायल-112 की सहायता लेने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
यातायात नियमों के पालन का दिलाया संकल्प
विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के संबंध में जानकारी देते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी गई। विद्यार्थियों को स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से किया संवाद
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली, अपराधों की रोकथाम, साइबर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं पुलिस से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं व्यक्त कीं। पुलिस अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों के प्रश्नों का सरल एवं सहज भाषा में समाधान किया गया तथा उन्हें कानून का पालन करने, अनुशासन बनाए रखने और किसी भी अपराध अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
“जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद” का उद्देश्य विद्यार्थियों और पुलिस के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करना तथा युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार एवं सुरक्षित नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में एसडीओपी देवसर श्रीमती गायत्री तिवारी, सूबेदार श्री आशीष तिवारी, प्रधान आरक्षक श्री आशीष बागरी, आरक्षक श्री प्रतीक जाट सहित विद्यालय के प्राचार्य श्री के के दिवेदी, शिक्षकगण एवं स्टाफ उपस्थित रहे।







