मोरवा में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी
सिंगरौली। मोरवा थाना क्षेत्र के भूसा मोड़ निवासी लता तिवारी की बड़ी बेटी निधि तिवारी ने शनिवार शाम अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। सूचना मिलने पर मोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
परिजनों के करीबी विनय सिंह के अनुसार शनिवार शाम करीब 7:30 बजे निधि अपने कमरे में थी। इसी दौरान वह कथित तौर पर दिल्ली निवासी एक युवक से फोन पर बातचीत कर रही थी। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर नाराज होने की बात सामने आई है। युवक ने कथित तौर पर तत्काल निधि के परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही निधि की मां और बहन उसके कमरे में पहुंचीं। दरवाजा खोलकर उसे नीचे उतारा गया और परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया है कि निधि तिवारी सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में भी उनकी पहचान थी। वह स्थानीय कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेती थीं। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न सौंदर्य प्रतियोगिताओं में कई खिताब हासिल किए थे।
मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा।







