थाना जियावन पुलिस की तत्परता: ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी व दुष्कर्म करने वाला आरोपी राजेश साहू गिरफ्तार, भेजा गया जिला जेल पचोर
सिंगरौली:महिला अपराधों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु पुलिस अधीक्षक महोदय, जिला सिंगरौली श्री षियाज़ के.एम. (भा.पु.से.) के कड़े निर्देशों के अनुपालन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) देवसर अनुभाग डॉ. गायत्री तिवारी के कुशल मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी जियावन उप निरीक्षक शेष नारायण दुबे एवं थाना प्रभारी सरई निरीक्षक प्रहलाद सिंह मर्सकोले के नेतृत्व में जियावन पुलिस टीम द्वारा त्वरित वैधानिक कार्यवाही करते हुए ब्लैकमेलिंग, मारपीट व दुष्कर्म के मामले में संलिप्त आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की गई है।
घटना का संक्षिप्त विवरण एवं अपराध पंजीयन:
लिखित शिकायत: पीड़िता (शिक्षिका) ने अपने परिजनों के साथ थाना जियावन उपस्थित होकर आरोपी के विरुद्ध ब्लैकमेलिंग, ब्लैकमेल कर लाखों रुपए हड़पने, बंधक बनाकर मारपीट व दुष्कर्म करने तथा निजी फोटो/वीडियो सोशल मीडिया व मंगेतर को भेजकर शादी तुड़वाने के संबंध में आवेदन पत्र प्रस्तुत किया।
अपराध पंजीयन:
प्राप्त आवेदन के आधार पर थाना जियावन में अपराध क्रमांक 209/2026, धारा 78(2) (पीछा करना), 64(1), 64(2)(m) (बार-बार दुष्कर्म), 115(2) (मारपीट), 127(2) (सदोष परिरोध), 351(3) (धमकी), 308(4) (उद्यापन/रंगदारी) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं 66(E), 67 आईटी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी व वैधानिक कार्यवाही:
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी जियावन उप निरीक्षक शेष नारायण दुबे एवं थाना प्रभारी सरई निरीक्षक प्रहलाद सिंह मर्सकोले की उपस्थिति में पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस टीम द्वारा आरोपी से गहन पूछताछ एवं विधिक प्रक्रिया उपरांत अपराध में प्रयुक्त डिजिटल माध्यमों तथा साक्ष्यों के संबंध में वैधानिक कार्यवाही पूर्ण की गई, जिसमें आरोपी द्वारा अपराध कारित करना स्वीकार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण एवं आपराधिक रिकॉर्ड:
नाम व पता: राजेश कुमार साहू पिता रामाधार साहू, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम छिवा/सहुआर, थाना जियावन, जिला सिंगरौली (म.प्र.)।
अपराधिक रिकॉर्ड:
पकड़ा गया आरोपी पूर्व से भी आपराधिक प्रवृत्ति का रहा है, जिसके विरुद्ध थाना जियावन में कुल 02 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
अपराध क्र. 258/2017 — धारा 279, 337 भादवि एवं 146, 180, 181, 196 मोटर यान अधिनियम (थाना जियावन)
अपराध क्र. 209/2026 — धारा 78(2), 64(1), 64(2)(m), 115(2), 127(2), 351(3), 308(4) बीएनएस एवं 66(E), 67 आईटी एक्ट (थाना जियावन)
वर्तमान स्थिति: आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से माननीय न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी को जिला जेल पचोर में निरुद्ध (जेल दाखिल) करा दिया गया है।
सराहनीय भूमिका:
उक्त गंभीर एवं संवेदनशील मामले में आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी एवं वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने में थाना प्रभारी जियावन उप निरीक्षक शेष नारायण दुबे, थाना प्रभारी सरई निरीक्षक प्रहलाद सिंह मर्सकोले एवं थाना जियावन के स्टॉफ सहायक उप निरीक्षक दिनेश कुमार आरक्षक प्रभात दुबे एवं थाना जियावन की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण व सराहनीय भूमिका रही।
प्रशासनिक संदेश:सिंगरौली पुलिस महिलाओं की सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के संरक्षण हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है। महिला अपराधों, ब्लैकमेलिंग एवं साइबर अपराधों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।







