191 जोड़ों ने लिए सात फेरे, सात जन्मों तक साथ निभाने का वचन
Satna News: सतना. शहर के BTI Ground में शनिवार को सामूहिक विवाह सम्मेलन(mass marriage conference) का आयोजन किया गया। 191 जोड़ों ने सात फेरे लेकर विवाह के बंधन में बंधने की रस्म पूरी की। पुरुष और महिला पुरोहितों ने मंत्रोच्चार करते हुए जोड़ों को सात जन्मों तक साथ रहने की कसम दिलाई। इसके बाद वर ने वधू की मांग में सिंदूर भरकर एक दूजे के हो गए। नगर निगम ने 49-49 हजार रुपए का चेक, विवाह प्रमाण पत्र और दीवार घड़ी उपहार के रूप में दी। हालांकि रमजान के कारण तीन मुस्लिम जोड़ों ने विवाह से इनकार किया, जिससे कार्यक्रम में निकाह न होना चर्चा का विषय बन गया।
सहायक आयुक्त हरिमित्र श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना अंतर्गत सामूहिक विवाह कराया गया। अतिथि के रूप में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी मौजूद रहीं। आयोजन में महापौर योगेश ताम्रकार, स्पीकर राजेश चतुर्वेदी, पूर्व विधायक शंकरलाल तिवारी, ऊषा चौधरी समेत कई पार्षद व नगर निगम के अधिकारी और वर एवं वधू पक्ष के हजारों लोग उपस्थित रहे।
50 बेदी में 4-4 जोड़े ने रचाई शादी: सुबह 8 बजे से जोड़ों का पहुंचना शुरू हो गया था। पंडाल में प्रवेश करने से पहले 4 स्टॉल(4 stalls) में पंजीयन प्रक्रिया की गई। नगर निगम की सूची से मौके पर हितग्राहियों से फार्म भराए गए। इसके बाद श्रृंगार व पूजा की सामग्री दी गई। दूल्हे को मौरी, माला व कटार(garland and dagger) दी गई। दुल्हन को मौरी, माला, मगरोहन व जयमाला सौंपे गए। निर्धारित 50 बेदियों में 4-4 जोड़े बैठे। पंडितों ने साउंड(sound) की मदद से मंत्र पढ़कर विवाह कराया।
5 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था
पीआरओ धीरज मिश्रा ने बताया कि सामूहिक विवाह सम्मेलन में 191 जोड़ों में वर व वधू पक्ष के हिसाब से 20-20 पैकट दिए गए। ऐसे में 3820 पैकेट खपत हो गए। 1 हजार पैकेट खाना अधिकारी व कर्मचारी में वितरण किया। पानी के लिए 400 जार व टैंकर खड़े थे। साथ ही पंडित, नाई, मामा के खाने की व्यवस्था की गई थी। खाने में पूड़ी, सब्जी व मिष्ठान दिया गया है। नगर निगम द्वारा पहली बार आयोजन में सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं किया गया।
सोमवार से होगा राशि का डिजिटल भुगतान
मौके पर अतिथियों ने जोड़ों को डमी चेक सौंपे हैं। सोमवार से 191 जोड़ों को 49-49 हजार के मान से 93,59,000 रुपए का क्रमश: डिजिटल भुगतान किया जाएगा। नगर निगम कार्यालय के कक्ष क्रमांक 3 से विवाह प्रमाण पत्र का वितरण किया जाएगा। आयोजन में महापौर की ओर से हर जोड़े को 1-1 दीवार घड़ी व गायत्री परिवार की ओर से आध्यात्मिक पुस्तक दी गई है।
उचेहरा जनपद में 174 जोडे़ दाम्पत्य सूत्र में बंधे
योजना के तहत शनिवार को उचेहरा जनपद पंचायत ने महाराज रामदेव सिंह जूदेव स्टेडियम में 174 जोडों का विवाह कराया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, जनपद अध्यक्ष अंजू सिंह, जिपं सदस्य ज्ञानेन्द्र सिंह, विमला कोल, सीईओ प्रभा टेकाम, स्थानीय जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी एवं वर-वधु पक्ष के परिजन उपस्थित रहे।
वार्ड 28 की नीलू जाटव ने बताया कि उसने मार्च 2024 में सामूहिक विवाह सम्मेलन में शादी के लिए रजिस्ट्रेशन कराया पर आयोजन कैंसिल हो गया। इस वर्ष विवाह कराने के लिए कई बार नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगाए, पर निराशा हाथ लगी। जिम्मेदारों का कहना था कि पोर्टल के हिसाब से शादी हो चुकी है। इसलिए पंजीयन नहीं हो सकता। जबकि हकीकत में शादी ही नहीं हुई थी। पार्षद के कहने पर सम्मेलन में पहुंची। इसके बाद अधिकारियों के सामने विरोध दर्ज कराया। अंतत: नगर निगम प्रशासन ने विवाह की मंजूरी दी। तब गुलशन जाटव के साथ सात फेरे लेकर ससुराल गई।