भाजपा नेता के घर घुसा तेंदुआ, बच्चे पर किया हमला — ग्रामीणों में दहशत

By Awanish Tiwari

Published on:

Click Now

भाजपा नेता के घर घुसा तेंदुआ, बच्चे पर किया हमला — ग्रामीणों में दहशत

रीवा, मऊगंज। मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना अंतर्गत बंधवा मोड़ गांव में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक तेंदुआ अचानक भाजपा नेता और पूर्व पार्षद सीएम सिंह पटेल के घर में घुस आया। तेंदुए ने एक मासूम बच्चे की पीठ पर पंजा मारा, हालांकि सौभाग्यवश बच्चा गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आंवी गांव के कुछ बच्चे खेत की ओर शौच के लिए गए थे, तभी झाड़ियों से निकलकर एक तेंदुआ उन पर झपट पड़ा। बच्चों के शोर मचाने पर तेंदुआ भागते हुए सीधे बंधवा मोड़ गांव में भाजपा नेता के घर जा घुसा। परिवार के सदस्यों ने तुरंत साहस दिखाते हुए घर का दरवाजा बंद कर तेंदुए को भीतर ही कैद कर दिया और तत्काल पुलिस एवं वन विभाग को सूचना दी।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की जानकारी मिलते ही नईगढ़ी पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और पूरे गांव को सुरक्षा घेरे में ले लिया। वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने भी मोर्चा संभालते हुए ट्रैंक्विलाइज़र गन और पिंजरे के माध्यम से तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

गनीमत यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन बच्चों और महिलाओं में खासा डर व्याप्त है। प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने की अपील की है।

गांव में सुरक्षा बढ़ाई गई
स्थानीय प्रशासन ने एहतियातन गांव और आस-पास के क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुआ संभवतः भोजन की तलाश में आबादी क्षेत्र में पहुंचा।

Leave a Comment