भोपाल, मध्य प्रदेश की दो विधानसभा सीटों बुधनी और विजयपुर पर 13 नवंबर को होने वाला मतदान 48 घंटे पहले आज शाम 5 बजे खत्म हो जाएगा।
सीहोर जिले के बुधनी और श्योपुर जिले के विजयपुर दोनों विधानसभा क्षेत्रों में 13 नवंबर को मतदान होना है। परिणाम 23 नवंबर को दोनों स्थानों पर घोषित किए जाएंगे। आज चुनाव प्रचार खत्म होने के कारण उम्मीदवार घर-घर जाकर ही संपर्क कर सकेंगे।
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, दो दिन बाद होने वाले मतदान के लिए चुनाव आयोग ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. मतदान के 48 घंटे पहले से मतदान समाप्ति तक शराब की दुकानें बंद रहेंगी. दोनों स्थानों पर जिला कलक्टर द्वारा निषेधाज्ञा जारी कर दी गई है। धर्मशाला, होटलों पर पुलिस की निगरानी रहेगी और सीमाएं भी सील की जाएंगी। बाहरी लोगों को इलाका छोड़ना होगा.
सीहोर जिले की बुधनी विधानसभा में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के रमाकांत भार्गव और कांग्रेस के राजकुमार पटेल के बीच है। इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 20 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।
वहीं श्योपुर जिले के विजयपुर में बीजेपी प्रत्याशी रामनिवास रावत और कांग्रेस से मुकेश मल्होत्रा चुनाव मैदान में हैं. इन दोनों को मिलाकर यहां से कुल 11 उम्मीदवार चुनावी समर में उतरे हैं.
2023 के विधानसभा चुनाव में विजयपुर सीट से कांग्रेस के रामनिवास रावत जीते। लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया और बीजेपी में शामिल हो गए. बाद में उन्हें राज्य का वन मंत्री बनाया गया। कुछ समय बाद उन्होंने विधानसभा से भी इस्तीफा दे दिया. इसके बाद विजयपुर विधानसभा सीट खाली हो गई और यहां उपचुनाव कराना पड़ा.
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 2023 का विधानसभा चुनाव बुधनी से जीते। बाद में लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी ने उन्हें सांसद का टिकट दिया, जिसके जीतने के बाद उन्हें केंद्र में मंत्री बनाया गया। इसके चलते उन्होंने बुधनी विधानसभा से इस्तीफा दे दिया।