SATNA NEWS : मैहर में अलग से बनेगा 300 बिस्तरों का जिला अस्पताल

By Awanish Tiwari

Published on:

सतना . नवगठित जिले मैहर में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने सरकार ने सिविल अस्पताल के अलावा 300 बिस्तरीय जिला अस्पताल बनाने की स्वीकृति दे दी है। 90 करोड़ रुपए का बजट खर्च कर नए अस्पताल का पूरा सेटअप तैयार किया जाएगा। मैहर में सुविधाएं बढ़ने से मरीजों को राहत मिलेगी। उन्हें इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। बता दें कि पहले सिविल अस्पताल का ही 200 बेडों की संया बढ़ाकर जिला अस्पताल के रूप में उन्नयन किया जाना था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। जिला अस्पताल मैहर का एरिया 10 एकड़ का होगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों व प्रशासन की मदद से अस्पताल बनाने के लिए देवीजी मंदिर के समीप ही भूमि का चिन्हांकन हो चुका है। टेंडर होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।

कम थी जगह

मैहर में जिला अस्पताल बनाने के लिए गत दिनों भवन विस्तार भोपाल की दो सदस्यीय टीम ने सर्वे किया था। सिविल अस्पताल को जिला अस्पताल के रूप में उन्नयन करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं थी। उस दौरान शासन स्तर से 150 बिस्तरीय सिविल अस्पताल में ही 200 बेड बढ़ाकर 360 बेड का जिला अस्पताल बनाने की स्वीकृति मिली थी। अब सिविल अस्पताल से हटकर 300 बेड का नया जिला अस्पताल बनेगा।

पहले सिविल अस्पताल में ही जिला अस्पताल का विस्तार होना था। अब अलग से 300 बेड का जिला अस्पताल बनेगा। 90 करोड़ रुपए इसके लिए स्वीकृत भी हो चुके हैं। देवीजी मंदिर के पास ही 10 एकड़ में अस्पताल बनेगा।डॉ एल के तिवारी, सीएमएचओ

Leave a Comment