महाशिवरात्रि पर सिंगरौली के मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़: बैढ़न के शिवधाम में सुबह से लगी कतारें, भक्त कर रहे पंचामृत से अभिषेक
सिंगरौली -सिंगरौली में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। शहर के विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
बैढ़न स्थित प्रसिद्ध शिव धाम मंदिर में भक्त दूध, दही, पंचामृत और शहद से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर रहे हैं। मंदिर में पहुंची भक्त स्नेह सुमन ने बताया कि वह हर शिवरात्रि पर विशेष पूजा के लिए यहां आती हैं। उन्होंने ताजा बेलपत्र और फूल भगवान को समर्पित किए। उनका कहना है कि शिव धाम मंदिर में आसपास के लोगों की गहरी आस्था है।
शिव धाम मंदिर के पुजारी डॉ. नारायण प्रसाद मिश्रा के अनुसार, इस शिवरात्रि पर एक विशेष संयोग बन रहा है। महाशिवरात्रि भगवान शिव के गुणों का उत्सव मनाने और उनकी शिक्षाओं पर विचार करने का दिन है। भगवान शिव को ब्रह्मांड के संहारक और परिवर्तनकर्ता के रूप में माना जाता है।
यह पर्व प्रतिवर्ष फाल्गुन मास की कृष्ण पक्ष त्रयोदशी को मनाया जाता है। धर्म शास्त्रों के अनुसार महाशिवरात्रि का व्रत करने वाले साधक को मोक्ष की प्राप्ति होती है। सिंगरौली जिले के बैढ़न और पचोर शिव मंदिर पर प्रतिवर्ष तीन दिवसीय मेला लगता है।