SATNA NEWS || सतना न्यूज़|| SATNA TODAY NEWS|| BREKING NEWS SATNA ||

By Awanish Tiwari

Published on:

Click Now

मस्जिद में झंडा लगा रहे दो करंट से झुलसे

रीवा. बिछिया थाना क्षेत्र की बादशाही मस्जिद में मिलादुन्नवी पर्व के दौरान गुरुवार शाम दो युवक झंडा लगाने के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। झंडे का डंडा बिजली के तार से छू जाने पर तेज धमाका हुआ, जिससे दोनों युवक बुरी तरह झुलसकर छत से नीचे गिर गए। जानकारी के अनुसार, विनोद यादव और शिकंदर मंसूरी मस्जिद की छत पर झंडा लगा रहे थे। इसी दौरान हाईटेंशन लाइन में झंडे का डंडा छू गया। करंट का झटका इतना तेज था कि दोनों छत से नीचे गिर गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज चल रहा है।

नौकरानी से दुष्कर्म का आरोपी धराया

सतना. शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक युवक ने घर में काम करने वाली नौकरानी से दुष्कर्म किया और बाद में विवाह करने से मुकर गया। युवती की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने सायबर सेल के सहयोग से आरोपी को शुक्रवार को पकड़ लिया। दुष्कर्म से पीड़िता गर्भवती हो गई थी उसके बाद आरोपी का भांडा फूटा। थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी विमान सिंह पिता राजेश निवासी पतेरी के यहां युवती घरेलू काम करती थी। उसे शादी का प्रलोभन देकर आरोपी विमान ने कई बार उससे दुष्कर्म किया। पीड़िता ने शादी की बात की तो वह मुकर गया और धमकी देने लगा। फरियादी युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धारा 64(1),64(2), 351(2) बीएनएस व पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया।

धर्म परिवर्तन की कोशिश पर केस

सतना. कोलगवां क्षेत्र में दूसरे धर्म की एक युवती के धर्म परिवर्तन की कोशिश कर रहे एक भाई-बहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी युवक को गिरतार भी कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि टिकुरिया टोला निवासी तौफीक कुरैशी पिता अब्दुल और उसकी बहन आलिया काफी समय से बीस साल की दूसरे धर्म की एक युवती पर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बना रहे थे। तौफीक उसे जान से मारने की धमकी देता था, जबकि आलिया उस पर लगातार इस्लाम कबूल करने का दबाव बनाती थी।

बायपास तिराहे पर बस ने बाइक सवार को कुचला

सतना. सतना-मैहर बायपास तिराहे पर शुक्रवार सुबह एक बस ने एक बाइक सवार को कुचल दिया। बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सुबह करीब साढ़े 8 बजे सीमेंट प्लांट के कर्मचारियों को लेकर जा रही नफीस ट्रेवल्स की बस ने बाइक सवार शेषमणि त्रिपाठी(34) निवासी कटिया दईजवार को चपेट में लिया। शेषमणि रोज की तरह गांव से काम करने सतना आ रहा था। आरटीओ कार्यालय के पास बायपास तिराहे पर बस ने उसे चपेट में लेकर कुचल दिया। हादसे के बाद चालक बस वहीं छोड़कर भाग निकला। उसके बाद काफी भीड़ जमा हो गई। संयोग से शेषमणि का छोटा भाई अशोक भी पीछे से काम से आ रहा था। घटनास्थल पर भीड़ देखकर वह पहुंचा, तो भाई को मृत देखकर उसका कलेजा मुंह को आ गया।

जीप से कूदकर भागा शराब तस्कर

सतना . नागौद में पुलिस की घेराबंदी को चकमा देते हुए एक शराब तस्कर चलती जीप से कूदकर फरार हो गया। पुलिस ने जब तस्कर के जीप की तलाशी ली तो उसमें 7 पेटी अवैध शराब लोड मिली। पुलिस ने अवैध शराब व वाहन जब्त कर लिया है। शुक्रवार सुबह आठ बजे पुलिस को सूचना मिली कि जीप सीजी -07 -सीएच 6046 में अवैध शराब लेकर कुछ लोग सिंहपुर चौराहा नागौद से पन्ना रोड होते हुए बारापत्थर की तरफ जाएंगे। पुलिस ने वाहन का पीछा किया तो चालक कूदकर फरार हो गया। तलाशी के दौरान गाड़ी से 63 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

Leave a Comment